महाराजा भागीरथ की पेंटिंग हटाए जाने पर हंगामा
हरिद्वार। जिले के लक्सर बस स्टैंड पर लगी महाराजा भागीरथ की भव्य पेंटिंग को हटाए जाने को लेकर जमकर हंगामा हुआ। पेंटिंग हटाने की सूचना मिलते ही खानपुर विधायक उमेश कुमार मौके पर पहुंचे और ठेकेदार पर जमकर खरी खोटी सुनाई। उन्होंने पेंटिंग को बिना किसी विधि-विधान और सम्मान के हटाए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित सैनी समाज के जिलाध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी भी दी।
दरअसल, दो साल पहले खानपुर विधायक उमेश कुमार शर्मा ने अपने निजी खर्च से महाराजा भागीरथ जी की फ्रेम पेंटिंग बनवाई थी। बस स्टैंड पर सैनी समाज की मांग पर उन्होंने विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ अपनी पत्नी सोनिया शर्मा के हाथों अनावरण कराया था। तब से यह प्रतिमा बस स्टैंड पर लगी हुई थी। 15 अक्टूबर को बस स्टैंड के बराबर में सैनी समाज के जिलाध्यक्ष बाबूराम सैनी ने बिना किसी सूचना और बिना किसी धार्मिक प्रक्रिया के प्रतिमा को वहां से हटा दिया। जैसे ही इसकी जानकारी स्थानीय लोगों को लगी, मौके पर भीड़ जमा हो गई और उन्होंने विधायक उमेश कुमार को मामले की सूचना दी।
सूचना मिलते ही खानपुर विधायक उमेश कुमार लक्सर बस स्टैंड पर पहुंचे। वहां प्रतिमा को हटा हुआ और एक कोने में पड़ा देख, उनका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने मौके पर मौजूद ठेकेदार और मजदूरों से कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि, यह केवल एक प्रतिमा नहीं, बल्कि लोगों की आस्था का प्रतीक है। विधायक ने मौके पर ही अधिकारियों को फोन लगाकर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि, इस मामले में धार्मिक भावनाएं आहत करने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मुकदमा दर्ज कराएंगे। फिलहाल विधायक के हस्तक्षेप के बाद निर्माण कार्य को रोक दिया गया है।

