लिव इंन में रह रही महिला को उसी के पार्टनर ने उतारा मौत के घाट,गिरफ्तार
पिथौरागढ़। शनिवार सुबह सीमांत नगर धारचूला के खोतीला में हुई महिला की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मृतका के साथ लिव-इन में रह रहे व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या का मुख्य कारण आरोपित द्वारा महिला पर शक करना सामने आया है।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से नेपाल के दार्चुला निवासी 35 वर्षीय मृतका मीनू (मीना) लोहार पिछले तीन साल से पति से अलग होकर खोतिला निवासी देवराज नबियाल (35) के साथ रह रही थी। मृतका के पूर्व पति और तीन बच्चे धारचूला के बगीचा क्षेत्र में रहते हैं।जांच अधिकारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक अंबी राम आर्य ने बताया कि देवराज महिला पर शक करता था, जिसे लेकर गुरुवार रात दोनों के बीच विवाद हुआ।
विवाद बढ़ने पर देवराज ने मीनू के साथ मारपीट की और लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया। सिर समेत शरीर पर गंभीर चोटें लगने के बाद मीनू जान बचाने के लिए घर से बाहर भागी, लेकिन करीब 600 मीटर दूर खोतिला पुल के पास उसकी मौत हो गई।
गौरतलब है कि शुक्रवार सुबह खोतिला जाने वाले पुल के पास एक 33 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ, जिसके सिर और शरीर पर चोट के गंभीर निशान थे।मृतका की शिनाख्त नेपाल के दार्चुला (सुनसेरा) निवासी मीना लोहार पत्नी मोहन राम के रूप में हुई है। इस जघन्य हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मीना पिछले करीब तीन साल से अपने पति से अलग होकर खोतीला निवासी देवराज नबियाल के साथ रह रही थी।

