कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को लेकर हरिद्वार पुलिस अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार
02 सुपर जोन, 11 जोन और 36 सेक्टरों में बांटा गया मेला क्षेत्र, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर
संपादक/जितेंद्र नैय्यर
हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस ने कमर कस ली है। स्नान पर्व के मद्देनजर मेला क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इसी क्रम में ऋषिकुल ऑडिटोरियम में मेले में नियुक्त समस्त पुलिस बल को ब्रीफिंग देकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए संपूर्ण मेला क्षेत्र को 02 सुपर जोन, 11 जोन और 36 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती कर निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्नान पर्व के दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर रहेगी। संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। वहीं, गंगा घाटों पर किसी भी प्रकार की डूबने की घटना को रोकने के लिए जल पुलिस की विशेष तैनाती की जाएगी।
इसके अतिरिक्त संपूर्ण मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
हरिद्वार पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित एवं व्यवस्थित स्नान पर्व संपन्न कराने में सहयोग करें।

