लोगों की वर्षों की मेहनत, जमा पूंजी और पुश्तैनी विरासत खाक
उत्तरकाशी। जनपद के मोरी विकासखंड के पवाणी गांव में सिलेडर फटने के बाद लगी भीषण आग ने देखते ही देखते 33 लकड़ी के बने मकानों को पूरी तरह से चपेट में ले लिया। इन तैंतिस मकानों में रखा लोगों का घर का सामान पूरी तरह से जलकर राख हो गया। गनिमत इस बात की है कि इस अग्निकांड में कोई जनहानि की घटना सामने नही आयी।
जानकारी के अनुसार बीती शाम पवाणी गांव में लकड़ी के मकानों की अधिकता और गैस सिलिंडर फटने से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटों ने एक के बाद एक मकानों को अपनी चपेट में लिया। ग्रामीणों के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी जान बचाने और आग को दूसरे घरों तक फैलने से रोकने की थी। लेकिन जब आग विकराल रूप ले लेती है तो सीमित संसाधनों के सहारे उसे रोक पाना लगभग असंभव हो जाता है। इस हादसे ने पहाड़ के पारंपरिक गांवों की संवेदनशीलता भी उजागर कर दी है। लकड़ी के मकान पहाड़ी वास्तुकला, स्थानीय जलवायु और जीवनशैली का हिस्सा रहे हैं। लेकिन जब मकान एक-दूसरे के बेहद करीब हों, छतें और निर्माण सामग्री ज्वलनशील हों तथा पानी और अग्निशमन के संसाधन दूर हों तो एक छोटी सी चिंगारी भी पूरे गांव के लिए तबाही बन सकती है।
सबसे बड़ा संकट उन परिवारों का है, जिन्होंने इस आग में अपना सब कुछ खो दिया। मकान दोबारा बन सकता है, लेकिन उसमें संजोई गई यादें, दस्तावेज, अनाज, कपड़े, घरेलू सामान और पुश्तैनी धरोहर वापस नहीं लाई जा सकती। ऐसे परिवारों के सामने अब सिर छिपाने से लेकर रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने तक का संकट खड़ा होगा। पवाणी का अग्निकांड व्यवस्था के लिए भी एक चेतावनी है। उत्तरकाशी जैसे पर्वतीय जिले में दूरस्थ गांवों तक आपातकालीन सेवाएं पहुंचाना पहले से ही चुनौतीपूर्ण है। सड़क, दूरी और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण राहत पहुंचने में लगने वाला समय कई बार नुकसान को कई गुना बढ़ा देता है। ऐसे में सवाल केवल अग्निशमन वाहनों की उपलब्धता का नहीं, बल्कि गांव स्तर पर आग से बचाव की पूरी व्यवस्था विकसित करने का है।
सरकार और प्रशासन के सामने अब तत्काल राहत के साथ पुनर्वास की चुनौती है। प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा, अस्थायी आवास, भोजन, कपड़े और जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे। साथ ही यह भी सुनिश्चित करना होगा कि क्षतिग्रस्त परिवारों को मकान दोबारा बनाने के लिए केवल आश्वासन न मिले, बल्कि समयबद्ध आर्थिक सहायता भी मिले। पवाणी की राख से एक बड़ा सवाल उठ रहा है। आखिर पहाड़ के गांवों को हर आपदा के बाद अपनी किस्मत के भरोसे क्यों छोड़ दिया जाता है? क्या अग्निकांड से बचाव के लिए गांवों में पानी के टैंक, अग्निशमन उपकरण और प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की व्यवस्था नहीं हो सकती? क्या संवेदनशील गांवों की पहचान कर पहले से सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जा सकते? 33 मकानों का जलना केवल संपत्ति का नुकसान नहीं है। यह पहाड़ के ग्रामीण जीवन की असुरक्षा का आईना है। अगर इस घटना के बाद भी व्यवस्था नहीं जागी तो अगली बार किसी दूसरे गांव की बारी हो सकती है। पवाणी को राहत जरूर चाहिए, लेकिन उससे भी ज्यादा जरूरत उस व्यवस्था की है जो अगली बार किसी गांव को इस तरह राख होने से बचा सके।

