प्रशासन गाँव की ओर के शिविर में सीएम धामी का औचक निरीक्षण, विभागीय अधिकारियों को दिए निर्देश
जितेंद्र नैय्यर
देहरादून/अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘प्रशासन गाँव की ओर’ अभियान के अंतर्गत विकासखंड ताड़ीखेत (अल्मोड़ा) की न्याय पंचायत जैनोली में लगाए गए बहुउद्देशीय शिविर का औचक निरीक्षण किया। साथ ही मुख्यसेवक स्टॉल पर नागरिकों से संवाद कर प्राप्त शिकायतों पर चर्चा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर के दौरान राजकीय इंटर कॉलेज, जैनोली के जर्जर भवन को लेकर प्राप्त शिकायत पर विद्यालय भवन के जीर्णोद्धार की घोषणा की।
इस दौरान सीएम ने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी सेवाएं आमजन तक उनके द्वार पर ही पहुंचे, ताकि समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक भाग-दौड़ से मुक्ति मिले।
