खतरनाक तरीके से रैश ड्राइविंग करने वालों के वाहन सीज
देहरादून। प्राप्त जानकारी के अनुसार गत दिवस कोतवाली सहसपुर क्षेत्र अंतर्गत देहरादून पोंटा फोरलेन हाईवे में एक शादी समारोह से संबंधित कुछ वाहनों द्वारा सड़क पर खतरनाक तरीके से रैश ड्राइविंग करते हुए वाहनों को चलाया जा रहा था, जिससे आम जनमानस को परेशानी उठानी पड़ी। इस घटना के संबंध में सोशल मीडिया पर कुछ फोटो वीडियो भी प्रसारित हुए। उक्त घटना का तुरंत संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद देहरादून के निर्देश पर सहसपुर पुलिस द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए उक्त वाहनों को चालकों सहित चौकी सभावाला लाकर आवश्यक विधिक कार्यवाही की गई। वाहनों का मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत चालान करते हुए सीज किया गया व वाहन चालकों का चालान किया गया। नेशनल हाईवे पर इस प्रकार खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध देहरादून पुलिस की कार्यवाही लगातार जारी है।
