“छात्रों की गूंज” कार्यक्रम में शामिल हो छात्र: विकास नेगी
देहरादून। जिला कांग्रेस कमेटी, कोटद्वार के जिलाध्यक्ष विकास नेगी ने आज “छात्रों की गूंज” अभियान के अंतर्गत एक शिक्षण संस्थान का भ्रमण कर छात्र-छात्राओं से 17 जुलाई 2026 को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित माननीय लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी जी के छात्र संवाद कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विकास नेगी ने कहा कि आज देश का युवा पेपर लीक, बढ़ती बेरोज़गारी, शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों तथा रोजगार के अवसरों जैसे गंभीर मुद्दों से जूझ रहा है। इन विषयों पर युवाओं की आवाज़ को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने के लिए अधिक से अधिक छात्रों की सहभागिता आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी का यह छात्र संवाद युवाओं को अपनी बात रखने, अपने अधिकारों की आवाज़ बुलंद करने तथा शिक्षा एवं रोजगार से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक संवाद का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।
