सीमा सुरक्षा सुदृढ़, प्रभावी पुलिसिंग पर विशेष फोकस
देहरादून। पुलिस महानिरीक्षक कुमायूँ परिक्षेत्र श्रीमती निवेदिता कुकरेती, आईपीएस ने जनपद चम्पावत का भ्रमण कर बनबसा स्थित भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया एवं सीमा पर तैनात पुलिस बल की कार्यप्रणाली का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके उपरांत जनपद प्रभारी एवं समस्त राजपत्रित अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान, यातायात प्रबंधन एवं लंबित विवेचनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
पुलिस महानिरीक्षक कुमायूँ परिक्षेत्र श्रीमती निवेदिता कुकरेती, आईपीएस ने अधिकारियों को जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील, उत्तरदायी एवं परिणामोन्मुख पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अपराधों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण अनावरण, महिला एवं बाल सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने, साइबर अपराधों के प्रति व्यापक जनजागरूकता फैलाने तथा नशे के विरुद्ध प्रभावी एवं सतत कार्रवाई करने पर विशेष बल दिया।
