सीएम विद्यार्थी मंथन: 35 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने अपलोड किए निबंध
सीएम विद्यार्थी मंथन: 35 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने अपलोड किए निबंध
संपादक/जितेंद्र नैय्यर
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आह्वान पर प्रदेश में युवाओं की रचनात्मक सोच और भविष्य की दिशा को लेकर चलाए जा रहे “सीएम विद्यार्थी मंथन” अभियान को विद्यार्थियों का उत्साहजनक समर्थन मिल रहा है। अभियान के तहत “सीएम विद्यार्थी मंथन डॉट कॉम” पोर्टल पर अब तक 35 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने अपने निबंध ऑनलाइन अपलोड किए हैं।
अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों के विचारों और सुझावों को सामने लाकर उन्हें नीति निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना है। अभियान में विशेष रूप से कक्षा 11वीं और 12वीं के करीब 3 लाख विद्यार्थियों को जोड़ा जा रहा है।
पोर्टल पर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत निबंधों में से श्रेष्ठ 140 विचारों को चयनित कर नीति निर्माण में शामिल करने का अवसर दिया जाएगा। इसके साथ ही प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप और पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।
अभियान के तहत निबंध अपलोड करने वाले विद्यार्थियों को तुरंत प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार की इस पहल का उद्देश्य युवाओं की सोच, प्रतिभा और सुझावों को उत्तराखंड के विकास एवं भविष्य की योजनाओं से जोड़ना है।
“मेरे सपनों का उत्तराखंड—युवाओं की सोच, उत्तराखंड का भविष्य” की थीम पर चल रहा यह अभियान विद्यार्थियों को अपने सपनों और प्रदेश के विकास को लेकर विचार साझा करने का मंच प्रदान कर रहा है।
