उत्तराखंड के 13 पत्रकारों का दल PIB के स्टडी टूर पर पहुंचा हैदराबाद, केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं और संस्थानों का करेंगे अवलोकन
संपादक/जितेंद्र नैय्यर
देहरादून/हैदराबाद, 31 अगस्त 2026 सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) देहरादून द्वारा उत्तराखंड के मीडिया प्रतिनिधियों के लिए पांच दिवसीय हैदराबाद प्रेस टूर का आयोजन किया गया है। सोमवार को उत्तराखंड से 15 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल हैदराबाद पहुंचा। इनमें विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े 13 पत्रकार शामिल हैं।
इस राष्ट्रीय अध्ययन एवं मीडिया एक्सपोजर टूर का उद्देश्य उत्तराखंड के पत्रकारों को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी प्रगति, नवाचारों और महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन कराना है। पत्रकार दल विभिन्न राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों और परियोजनाओं का भ्रमण कर वहां की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जमीनी जानकारी हासिल करेगा।
प्रमुख राष्ट्रीय संस्थानों का करेंगे भ्रमण
पांच दिवसीय अध्ययन यात्रा के दौरान पत्रकार प्रतिनिधिमंडल हैदराबाद स्थित कई प्रमुख राष्ट्रीय संस्थानों, शोध केंद्रों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों का दौरा करेगा। इनमें भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (INCOIS), शिल्पारामम (सांस्कृतिक एवं हस्तशिल्प गांव), आईसीएमआर-राष्ट्रीय पोषण संस्थान (NIN), सालार जंग संग्रहालय और ईएसआईसी अस्पताल सहित क्षेत्र के अन्य प्रमुख औद्योगिक एवं तकनीकी प्रतिष्ठान शामिल हैं।
दौरे के दौरान पत्रकार इन संस्थानों की कार्यप्रणाली, उपलब्धियों और देश के विकास में उनके योगदान की जानकारी प्राप्त करेंगे। साथ ही संबंधित संस्थानों के विशेषज्ञों के साथ संवाद भी करेंगे।
विकास परियोजनाओं की जमीनी जानकारी देने का प्रयास
पीआईबी देहरादून द्वारा आयोजित इस प्रेस टूर का उद्देश्य पत्रकारों को केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण परियोजनाओं और विकास कार्यों को प्रत्यक्ष रूप से देखने और समझने का अवसर उपलब्ध कराना है। इस भ्रमण के माध्यम से मीडिया प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय स्तर पर हो रहे विकास कार्यों, अनुसंधान, वैज्ञानिक नवाचारों, तकनीकी प्रगति और डिजिटल गवर्नेंस के क्षेत्र में हुए बदलावों से रूबरू कराया जाएगा।
इस अध्ययन यात्रा के माध्यम से पत्रकारों को केंद्र सरकार की विभिन्न जनोन्मुखी उपलब्धियों की जमीनी हकीकत समझने का अवसर मिलेगा, ताकि इनसे जुड़ी जानकारी को आम जनता तक सटीक और प्रामाणिक तरीके से पहुंचाया जा सके।
पीआईबी चयनित परियोजना स्थलों पर समय-समय पर ऐसे प्रेस टूर आयोजित करता है, ताकि पत्रकार देश में चल रही विकास गतिविधियों का प्रत्यक्ष अवलोकन कर सकें और उनके व्यापक जनहित एवं राष्ट्रहित में उपयोगिता को समझ सकें।
क्षेत्रीय मीडिया और राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के बीच सेतु
पीआईबी देहरादून द्वारा आयोजित हैदराबाद प्रेस टूर के कंडक्टिंग ऑफिसर संजीव सुंद्रियाल ने कहा कि यह प्रेस टूर उत्तराखंड के पत्रकारों को केंद्र सरकार की विकास परियोजनाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि इससे राज्य के पत्रकारों को हैदराबाद में केंद्र सरकार की उपलब्धियों की गहन, सटीक और स्पष्ट जानकारी प्राप्त होगी।
उन्होंने बताया कि प्रेस टूर का उद्देश्य पत्रकारों को राष्ट्रीय महत्व की विभिन्न परियोजनाओं, संस्थानों और गतिविधियों का जमीनी स्तर पर प्रत्यक्ष अनुभव उपलब्ध कराना है।
संजीव सुंद्रियाल के अनुसार, राष्ट्रीय प्रेस टूर का प्राथमिक उद्देश्य क्षेत्रीय मीडिया और राष्ट्रीय स्तर की विकासात्मक प्राथमिकताओं के बीच एक मजबूत सेतु का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि हैदराबाद देश का एक प्रमुख आईटी, फार्मास्यूटिकल और वैज्ञानिक अनुसंधान केंद्र है। ऐसे में इस अध्ययन यात्रा के माध्यम से उत्तराखंड के पत्रकारों को देश की अत्याधुनिक तकनीकी और बुनियादी ढांचे की प्रगति को करीब से देखने और समझने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रयास है कि इस एक्सपोजर टूर के माध्यम से मीडिया प्रतिनिधि जमीनी स्तर पर हो रहे बदलावों और नवाचारों का गहन विश्लेषण कर अपने पाठकों तक सटीक एवं प्रामाणिक जानकारी पहुंचा सकें।
पीआईबी देहरादून के अनुसार, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत समय-समय पर ऐसे राष्ट्रीय प्रेस टूर आयोजित किए जाते हैं। इनका उद्देश्य मीडिया के माध्यम से सरकार की नीतियों, कार्यक्रमों, विकास गतिविधियों और जनहित से जुड़ी उपलब्धियों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाना है।
