तुंगनाथ ट्रेक पर गहरी खाई में गिरने से महिला यात्री की मौत
रुद्रप्रयाग। तुंगनाथ यात्रा पर आई एक महिला यात्री रविवार शाम ट्रेक रूट पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी थी। हादसे की सूचना मिलते के बाद रेस्क्यू टीमों ने मौके पर पहंुचकर रेस्क्यू अभियान चलाया। लेकिन रात को गहरी खाई और अंधेरा होने के कारण महिला का कुछ पता नही चल पाया। सोमवार की सुबह दोबारा रेस्क्यू अभियान चलाकर महिला के शव को बरामद कर लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार की शाम करीब 6.21 बजे तुंगनाथ ट्रेक रूट पर गणेश मंदिर के समीप एक महिला यात्री अचानक अनियंत्रित होकर नीचे गहरी खाई में गिर गई थी। हादसे की सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, रुद्रप्रयाग ने डीडीआरएफ और आपदा मित्र तुंगनाथ की टीम को तत्काल सूचित किया गया। सूचना पर रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंची और महिला की तलाश शुरू की, लेकिन मौके पर खाई अत्यधिक गहरी होने के कारण रेस्क्यू कार्य चुनौतीपूर्ण पाया गया। इसलिए टीम को रेस्क्यू अभियान रात को रोकना पड़ा। सोमवार की सुबह दोबारा रेस्क्यू आपरेशन शुरू कर महिला के शव को बरामद कर लिया गया। बताया जा रहा है कि महिला के खाई में गिरने के बाद काफी देर तक उसकी आवाजें सुनाई देती रहीं। रेस्क्यू टीमों ने रात में ही उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए प्रयास तेज किए किन्तु अंधेरा होने के कारण उन्हे सफलता नही मिल पाई थी।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि अंधेरा होने के कारण रात करीब 12.30 बजे डीडीआरएफ के कुलदीप सिंह ने अभियान को फिलहाल स्थगित किए जाने की जानकारी दी। सोमवार सुबह मौसम और परिस्थितियों को देखते हुए पुनः सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। अभियान के दौरान महिला को खाई से बरामद कर लिया गया। महिला की पहचान और हादसे से संबंधित अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।
