फायरिंग से दहलाने वाले 3 बदमाश गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद
रुद्रपुर। मंगलवार को ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के शिव एन्क्लेव में 24 सितंबर की रात हुई फायरिंग और वाहनों में तोड़फोड़ के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक .32 बोर की पिस्टल, दो .315 बोर के तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। फिल्हाल आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्यवाही शुरू कर दी गयी है।
24 सितंबर की रात उधम सिंह नगर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग और वाहनों में तोड़फोड़ की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में 25 सितंबर को थाना ट्रांजिट कैंप में एफआईआर के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। जिसके बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए एक टीम का गठन किया गया था।
इसके बाद गठित टीम ने प्रभारी निरीक्षक ट्रांजिट कैंप धर्मवीर सोलंकी के नेतृत्व में आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ संभावित ठिकानों पर दबिश और सुरागरसी की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि फायरिंग की घटना में शामिल तीन युवक एफसीआई गोदाम के सामने किच्छा रोड स्थित एक खाली चाय के खोखे के पास खड़े हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नंदू पुत्र सालिक राम (26), निवासी नई बस्ती खानपुर, बिलासपुर, रामपुर, सोहेल पुत्र मोहम्मद उमर (21), निवासी सिरौली कला, किच्छा, हाल निवासी आजादनगर ट्रांजिट कैंप और एक 18 वर्षीय युवक रूप में हुई है। तलाशी के दौरान नंदू के कब्जे से एक .32 बोर की अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए. वहीं सोहेल और 10 साल के युवक के कब्जे से एक-एक .315 बोर का अवैध तमंचा और एक-एक जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस के अनुसार कुल एक पिस्टल, दो तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनका साथी साजेब उर्फ अरमान 24 सितंबर की रात शिव एन्क्लेव में अपने परिचित से मिलने गया था। कॉलोनी के लोगों को इसकी जानकारी होने के बाद कथित तौर पर उसे घेर लिया गया, जिसके बाद वह मौके से निकल गया, लेकिन उसकी कार वहीं छूट गई। इसके बाद आरोपियों को कार लाने के लिए वहां भेजे जाने की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार, आरोपी जब शिव एन्क्लेव पहुंचे तो वहां भीड़ मौजूद थी। आरोपियों ने कथित तौर पर लोगों को डराने के लिए हवाई फायरिंग की। इसके बाद जब वे कार तक पहुंचे तो उसके टायरों के नट खुले होने के कारण कार नहीं ले जा सके। पुलिस के अनुसार इसके बाद आरोपियों ने गुस्से में वहां खड़े दो वाहनों को तलवार से क्षतिग्रस्त किया और फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।
इस मामले में पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों का पूर्व आपराधिक इतिहास भी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार नंदू के खिलाफ पूर्व में गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सोहेल और 18 वर्षीय युवक के खिलाफ भी वर्ष 2026 में बीएनएस और शस्त्र अधिनियम से संबंधित मामले दर्ज बताए गए हैं।उधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि फायरिंग और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
