डीएवी छात्रसंघ चुनाव:एबीवीपी ने की जीत हासिल,नवदीप राणा बने अध्यक्ष,समर्थकों में खुशी की लहर
संपादक/जितेंद्र नैय्यर
देहरादून। डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने एक बार फिर अपना दबदबा कायम किया है। छात्रसंघ अध्यक्ष पद पर नवदीप राणा ने शानदार जीत दर्ज करते हुए अध्यक्ष पद अपने नाम किया। नवदीप राणा की जीत की घोषणा होते ही उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने नारेबाजी कर खुशी जताई और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।
जीत हासिल करने के बाद नवदीप राणा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यह जीत उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि डीएवी पीजी कॉलेज के प्रत्येक छात्र की जीत है। उन्होंने कहा कि छात्रों ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उस विश्वास को पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे।
नवदीप राणा ने कहा कि छात्रहित उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। कॉलेज के विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कॉलेज प्रशासन के समक्ष मजबूती से आवाज रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ को विद्यार्थियों की आवाज बनाने के साथ-साथ कॉलेज में बेहतर शैक्षणिक एवं छात्रहित का माहौल बनाने के लिए काम किया जाएगा।
उन्होंने अपनी जीत के लिए डीएवी पीजी कॉलेज के सभी छात्र-छात्राओं, समर्थकों और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि चुनाव के दौरान जिन लोगों ने उनका साथ दिया, वह उनके विश्वास के लिए सदैव आभारी रहेंगे।
नवदीप राणा की जीत के बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने कॉलेज परिसर में जमकर जश्न मनाया। इस दौरान समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाई दी और जीत की खुशी साझा की।
