कैबिनेट मंत्री ने ली विभागीय अधिकारियों की बैठक,नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर पर जताई नाराजगी, 15 दिन में सुधार के निर्देश
देहरादून। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री खजान दास ने विधानसभा स्थित कार्यालय कक्ष में राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत लंबित एवं गतिमान विकास कार्यों को लेकर संयुक्त विभागीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, यूपीसीएल, जल संस्थान सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई।
मंत्री ने राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र में नगर निगम द्वारा कराए जा रहे सफाई व्यवस्था, नालियों की सफाई, फॉगिंग और कूड़ा उठान सहित अन्य कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कूड़ा उठान और नालियों की सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि नगर निगम के कार्यों में अपेक्षित संतुष्टि नजर नहीं आ रही है। उन्होंने अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार 15 अक्टूबर तक सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने शीघ्र निविदाएं आमंत्रित कर कार्यों में तेजी लाने को कहा।
यूपीसीएल अधिकारियों से विद्युत लाइनों को भूमिगत करने के कार्यों की जानकारी लेते हुए उन्होंने सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में चौराहों के सौंदर्यीकरण, मॉडल कॉलोनी, सीवर लाइन, हरिद्वार रोड पर फुटओवर ब्रिज, पेयजल कार्य, परेड ग्राउंड और पलटन बाजार के लंबित कार्यों पर भी चर्चा हुई।
बैठक में शामिल नहीं होने पर स्मार्ट सिटी और पेयजल निगम के अधिकारियों के प्रति भी मंत्री ने नाराजगी जताई और दोनों विभागों की जवाबदेही तय करने की बात कही।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए विकास की शुरुआत घर, आसपास, शहर और राज्य से करनी होगी। बैठक में नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
