देहरादून: स्कूटी सवार महिला को कार में जबरन बैठाने की कोशिश, शोर मचाने पर आरोपी फरार; मुकदमा दर्ज
देहरादून। आज सुबह शहर के रायपुर थाना क्षेत्र के सहस्रधारा रोड स्थित नालापानी चैक के समीप एक स्कूटी सवार महिला को कार सवार कुछ लोगों ने रोककर जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने और आसपास लोगों के जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। जिसके बाद महिला की शिकायत के बाद थाना रायपुर में मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही एसएसपी के निर्देशन पर घटनास्थल आसपास सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
मिली जानकारी के अनुसार घटना बुधवार सुबह करीब 6.50 बजे की है। नालापानी चैक के पास काले रंग की स्विफ्ट कार में सवार कुछ लोगों ने स्कूटी से जा रही महिला को रोका और उसे खींचकर कार में बैठाने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे, जिसके बाद कार सवार वहां से फरार हो गए। स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई और सूचना मिलने पर रायपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में थाना रायपुर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस टीमों की ओर से घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके साथ ही अन्य माध्यमों से भी कार सवार आरोपियों की पहचान और उनके संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
